
#डेरापुर विकासखंड परिसर के सार्वजनिक शौचालय में गंदगी का अंबार, पानी की किल्लत से फरियादी परेशान
डेरापुर, विकासखंड परिसर में स्थित सार्वजनिक शौचालय इन दिनों बदहाली का शिकार है। साफ-सफाई के अभाव और पानी की किल्लत के चलते शौचालय की स्थिति बेहद खराब हो गई है। यहां आने वाले ग्रामीणों, कर्मचारियों और फरियादियों को भारी असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। शौचालय के अंदर और आसपास गंदगी का ढेर लगा होने से परिसर में दुर्गंध का माहौल बना हुआ है।
हैरानी की बात यह है कि शौचालय के ऊपर पानी की टंकी लगी होने के बावजूद यहां पानी की समुचित आपूर्ति नहीं हो रही है। पानी के अभाव में शौचालय की नियमित सफाई भी नहीं हो पा रही, जिससे गंदगी लगातार बढ़ती जा रही है। बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो गई है। गंदगी के कारण संक्रमण और बीमारियों का खतरा बढ़ने की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक विकासखंड परिसर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण विभिन्न सरकारी कार्यों के सिलसिले में पहुंचते हैं। ऐसे में सार्वजनिक शौचालय की खराब स्थिति लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से शौचालय की नियमित सफाई कराने, पानी की पर्याप्त व्यवस्था करने और इसके उचित रखरखाव की मांग की है।
इस संबंध में खंड विकास अधिकारी संजू सिंह ने रविवार सुबह करीब 11 बजे बताया कि उन्हें मामले की जानकारी प्राप्त हो गई है। जल्द ही सार्वजनिक शौचालय की साफ-सफाई कराने के साथ ही पानी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाएगी।