खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने तीन कंपनियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की है। इनमें प्रियागोल्ड बिस्कुट बनाने वाली सूर्या फूड एंड एग्रो लिमिटेड, डोडला डेयरी और यूईआईआर ऑर्गेनिक फूड्स शामिल हैं।
FSSAI के अनुसार, उपभोक्ता की शिकायत पर प्रियागोल्ड बिस्कुट बनाने वाली कंपनी के प्लांट की जांच की गई। इस दौरान बिस्कुट में फाइबर के स्रोत के रूप में पशुओं के चारे के लिए निर्धारित चोकर का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई। इसके अलावा, प्लांट में साफ-सफाई, कीट नियंत्रण और कच्चे माल के भंडारण में भी कमियां मिलीं। इससे पहले कंपनी का लाइसेंस निलंबित किया जा चुका था।
वहीं, डोडला डेयरी के फुल क्रीम दूध के नमूने में निर्धारित मानकों से कम वसा पाई गई। अपील के बाद रेफरल लैब की जांच में दूध में डिटर्जेंट या कास्टिक सोडा की मौजूदगी की पुष्टि हुई।
इसके अलावा, यूईआईआर ऑर्गेनिक फूड्स की पीली किशमिश में भी तय सीमा से अधिक कीटनाशक अवशेष मिले। FSSAI ने इन मामलों में कानूनी अभियोजन की प्रक्रिया शुरू करने की मंजूरी दी है।