मऊ में राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियां तेज, प्री-ट्रायल बैठक में अधिकाधिक वादों के निस्तारण पर जोर
मऊ में 12 सितंबर को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। बुधवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में प्री-ट्रायल बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता अपर जनपद न्यायाधीश प्रथम एवं राष्ट्रीय लोक अदालत के नोडल अधिकारी बाकर समीम रिजवी ने की। बैठक में विभिन्न बैंकों, वित्तीय एवं फाइनेंस कंपनियों और संबंधित विभागों के अधिकारी व प्रतिनिधि शामिल हुए।
इस दौरान प्री-लिटिगेशन मामलों के साथ-साथ नगर पालिका और पंचायती राज विभाग से जुड़े वादों को चिन्हित कर आपसी सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारित करने पर जोर दिया गया।
नोडल अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिकाधिक मामलों को चिन्हित कर संबंधित पक्षकारों को समय से सूचना दी जाए, ताकि राष्ट्रीय लोक अदालत में मामलों का त्वरित और प्रभावी निस्तारण हो सके।
अधिकारियों ने कहा कि लोक अदालत आमजन को सरल, सुलभ और त्वरित न्याय दिलाने का महत्वपूर्ण माध्यम है, जिससे समय और धन दोनों की बचत होती है।