
बिलासपुर में नशा तस्करों पर पुलिस का शिकंजा, 3.66 ग्राम चिट्टा सहित दो आरोपी गिरफ्तार
न्यूज टुडे हिमाचल | बिलासपुर ब्यूरो
हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस को एक और सफलता मिली है। पुलिस थाना सदर की टीम ने नाकाबंदी के दौरान दो युवकों को 3.66 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) सहित गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 27 जुलाई 2026 को पट्टा फोरलेन क्षेत्र में गश्त, अपराध नियंत्रण एवं मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए नाकाबंदी की जा रही थी। इसी दौरान कीरतपुर की ओर से आ रही एक मोटरसाइकिल को जांच के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर दोनों सवारों के कब्जे से 3.66 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक कुमार (20) निवासी गांव दरबाथू, डाकघर लुहारा, तहसील बल्ह, जिला मंडी तथा गोपाल सिंह चौहान (31) निवासी गांव पटयाणी, डाकघर बरीखमणी, तहसील बल्ह, जिला मंडी के रूप में हुई है।
इस संबंध में पुलिस थाना सदर में एफआईआर संख्या 182/2026 के तहत एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 एवं 29 के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि नशे की इस तस्करी के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और इसका नेटवर्क कितना बड़ा है।
बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।