
चीनी के बढ़ते दामों पर शिवराज बोले- ‘सब इंतजाम हो रहे हैं जी, चिंता मत करो’
देश में बढ़ती चीनी की कीमतों को लेकर आम लोगों की चिंता के बीच केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आश्वासन दिया है। मध्य प्रदेश के रायसेन दौरे पर पहुंचे शिवराज से जब पत्रकारों ने चीनी के बढ़ते दामों को लेकर सवाल किया तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “सब इंतजाम हो रहे हैं जी, चिंता मत करो।”
शिवराज सिंह चौहान रायसेन में सांदीपनि स्कूल भवन के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने मेधावी छात्र-छात्राओं को लैपटॉप वितरित किए और जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा की।
बैठक खत्म होने के बाद पत्रकारों ने रक्षाबंधन के दौरान चीनी की बढ़ती कीमतों को लेकर सवाल किया। इसके जवाब में शिवराज ने बिना विस्तार से जानकारी दिए सरकार की ओर से इंतजाम किए जाने की बात कही।
उन्होंने रायसेन में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए ‘मामा कोचिंग क्लासेस’ शुरू करने की घोषणा भी की। इसका उद्देश्य छात्रों को जिले में ही गुणवत्तापूर्ण कोचिंग उपलब्ध कराना है।
बीते कुछ हफ्तों में चीनी के दाम लगातार बढ़ने की खबरें सामने आई हैं। कुछ राज्यों में कीमत करीब 70 रुपये प्रति किलो तक पहुंचने की बात कही जा रही है।
#SugarPrice #ShivrajSinghChouhan #MadhyaPradesh #Raisen #SugarCrisis