
सीडीओ ने जलालपुर (डेरापुर) में वृहद पौधारोपण व जनसंवाद स्थल का किया निरीक्षण, तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश
संदलपुर। विकासखंड संदलपुर की मॉडल ग्राम पंचायत कौरु जलालपुर (डेरापुर) में प्रस्तावित वृहद पौधारोपण एवं जनसंवाद कार्यक्रम की तैयारियों का शनिवार शाम करीब 4 बजे मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यक्रम स्थल का जायजा लेते हुए अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
सीडीओ ने कहा कि कार्यक्रम के तहत फलदार पौधों के रोपण के लिए 2500 गड्ढे तैयार किए जाने हैं। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक गड्ढे की गहराई व चौड़ाई डेढ़-डेढ़ फुट निर्धारित मानक के अनुसार हो। उन्होंने चेतावनी दी कि तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं।
उन्होंने जनसंवाद कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय ग्रामीणों की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित कराने के भी निर्देश दिए, ताकि कार्यक्रम प्रभावी एवं जनसहभागिता आधारित बन सके।
निरीक्षण के दौरान डीसी मनरेगा अशोक चौरसिया, डीडीओ सुनील तिवारी, पीडी अनुरुद्ध सिंह चौहान, बीडीओ संदलपुर संदीप कुमार, एडीओ पंचायत रंजीत सिंह, एडीओ समाज कल्याण फूल सिंह निरंजन, ग्राम सचिव ऊदन सिंह, मधुलता तथा कार्यक्रम संयोजक विनोद कटियार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।