
ब्रेन हैमरेज से जिंदगी की जंग लड़ रहा है बारुण का बेटा कामता कुमार, इलाज के लिए मदद की अपील।
आप तक न्यूज प्वाइंट आलोक
*औरंगाबाद (बारुण):* बारुण प्रखंड के सहसपुर गांव का एक गरीब परिवार आज अपने बेटे की जिंदगी बचाने के लिए लोगों से मदद की गुहार लगा रहा है। सहसपुर, पोस्ट झूमर डिहरा निवासी कामता कुमार (28 वर्ष), पिता अमारिक सिंह, अचानक ब्रेन हैमरेज का शिकार हो गए। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर होने के कारण इलाज का खर्च उठाना उनके लिए असंभव हो गया है।
परिजनों के अनुसार, कामता कुमार ट्यूशन पढ़ाकर अपने परिवार का सहयोग करते थे। कुछ दिन पहले अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। आनन-फानन में उन्हें डेहरी के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया।
इसके बाद उन्हें वाराणसी के केयर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद तुरंत ब्रेन का ऑपरेशन करने की सलाह दी। परिजनों ने किसी तरह हिम्मत जुटाकर ऑपरेशन कराया, लेकिन अब अस्पताल का भारी-भरकम बिल जमा करना परिवार के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।
परिवार का कहना है कि उनके पास इलाज का खर्च चुकाने के लिए पर्याप्त पैसे नहीं हैं। ऐसे में उन्होंने समाज के दानदाताओं, समाजसेवियों और आम लोगों से आर्थिक सहयोग की अपील की है, ताकि कामता कुमार का इलाज पूरा हो सके और वह स्वस्थ होकर अपने परिवार के बीच लौट सकें।
परिजनों ने भावुक अपील करते हुए कहा कि "आपकी छोटी-सी मदद भी एक गरीब परिवार के इकलौते सहारे की जिंदगी बचा सकती है।"
निवेदन: यदि आप आर्थिक रूप से सक्षम हैं, तो अपनी स्वेच्छा से सहयोग कर इस जरूरतमंद परिवार की मदद कर सकते हैं। आपकी एक छोटी-सी सहायता किसी की जिंदगी बचाने का माध्यम बन सकती है।