
सीमाओं पर सख्ती, लोकतंत्र की सुरक्षा के लिए मुस्तैद पुलिस प्रशासन
अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट पहूज नदी, धमना पर सरसई थाना पुलिस की सघन वाहन जांच
दतिया। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार दतिया विधानसभा उपनिर्वाचन–2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिले की अंतर्राज्यीय सीमाओं पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया गया है। इसी क्रम में पहूज नदी स्थित अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट, धमना पर सरसई थाना पुलिस द्वारा चौबीसों घंटे सघन वाहन जांच अभियान संचालित किया जा रहा है।
सीमावर्ती क्षेत्र से गुजरने वाले प्रत्येक छोटे-बड़े वाहन की गहन तलाशी लेकर अवैध नकदी, शराब, हथियार तथा निर्वाचन को प्रभावित करने वाली अन्य संदिग्ध सामग्री पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
चेक पोस्ट पर तैनात पुलिस बल पूरी सतर्कता एवं सजगता के साथ प्रत्येक वाहन के दस्तावेजों की जांच कर रहा है। संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखते हुए आवश्यक पूछताछ एवं तलाशी की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आदर्श आचार संहिता के प्रभावी पालन एवं निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सीमाओं पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
प्रशासन द्वारा आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि वाहन जांच के दौरान पुलिस का सहयोग करें तथा आवश्यक दस्तावेज अपने साथ रखें। यह कार्रवाई केवल सुरक्षा एवं लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से की जा रही है।
दतिया विधानसभा उपनिर्वाचन–2026 के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन, पुलिस एवं निर्वाचन से जुड़े सभी विभाग पूर्ण समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं, ताकि मतदाता निर्भय वातावरण में अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें और लोकतंत्र का यह महापर्व पूर्ण पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न हो।