
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर ग्राम पंचायत परौंख में हुआ सामूहिक योगाभ्यास
परौंख। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत परौंख में सूर्या फाउंडेशन के तत्वावधान में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
योगाभ्यास का संचालन सूर्या फाउंडेशन के योग प्रशिक्षक एवं जोन प्रमुख श्री शत्रुघ्न लाल कश्यप ने किया। इस अवसर पर क्षेत्र प्रमुख अशोक जी, जेएफसी गोपाल , मंजीत, पुष्पेंद्र सिंह सावन शर्मा, ग्राम प्रधान संग्राम सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। योग प्रशिक्षकों ने नियमित योग करने के लाभ बताते हुए कहा कि योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा भी प्रदान करता है।
ग्राम प्रधान संग्राम सिंह ने सभी ग्रामीणों से अपने दैनिक जीवन में योग को शामिल करने की अपील की और कहा कि नियमित योगाभ्यास से अनेक बीमारियों से बचाव संभव है। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने प्रतिदिन योग करने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित इस सामूहिक योगाभ्यास में गांव के युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों एवं अन्य ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे पूरा वातावरण स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा से भर गया।