
श्रीकरणपुर में उमड़ा जनसैलाब, नशा मुक्ति अभियान बना जन आंदोलन
— हजारों लोगों ने लिया जागरूकता का संदेश
श्रीगंगानगर, 6 जुलाई। जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन श्रीगंगानगर द्वारा संचालित "नशा मुक्ति जन-जागृति अभियान" के अंतर्गत अग्रसेन पार्क, श्रीकरणपुर में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम ने ऐतिहासिक सफलता प्राप्त की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों, युवाओं, महिलाओं एवं विद्यार्थियों ने भाग लेकर नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पूज्य आकाश मुनि जी महाराज द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात मनीष की कोरियोग्राफी में प्रस्तुत रंगारंग राजस्थानी लोकनृत्यों ने पूरे वातावरण को सांस्कृतिक रंगों से सराबोर कर दिया और दर्शकों का उत्साह चरम पर पहुंच गया।
संगीतमय प्रस्तुतियों में रश्मि अरोड़ा एवं जगजीत जीती ने अपनी मधुर आवाज़ से दर्शकों की भरपूर वाहवाही लूटी। फतेह सिंह की दमदार प्रस्तुति ने कार्यक्रम में नई ऊर्जा का संचार कर दिया।
कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण रहे लाफ्टर चैंपियन कॉमेडियन ख्याली सहारण, जिन्होंने अपनी अनूठी हास्य शैली के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों पर प्रभावशाली संदेश दिया। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका स्वागत किया और हंसी के साथ-साथ नशामुक्ति का संदेश भी आत्मसात किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान दर्शकों का उत्साह देखने लायक था।
विक्रम ज्याणी एवं उनकी टीम द्वारा प्रस्तुत नशे के खिलाफ जागरूकता नाटक ने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया तथा समाज में फैल रही नशे की समस्या पर गंभीर चिंतन के लिए प्रेरित किया। योग, एरोबिक्स एवं जिम्नास्टिक की रोमांचक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में "जूनियर गोविंदा" की शानदार प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रही, जिसने दर्शकों को आश्चर्यचकित कर खूब मनोरंजन किया।
कार्यक्रम की सफलता में प्रशासनिक अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रचार-प्रसार एवं व्यवस्थाओं में उपखंड अधिकारी श्रीमती सुमित्रा बिश्नोई, तहसीलदार श्री गिरधारी, अधिशासी अधिकारी श्री संदीप बिश्नोई, ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी श्री चरणजीत सिंह रोला, डीवाईएसपी पुष्पेंद्र सिंह एवं सीआई श्रीमती सीर कौर सहित प्रशासनिक टीम ने उल्लेखनीय योगदान दिया।
इस अवसर पर समाज सेवा एवं जनजागरण में विशेष योगदान देने वाले पूज्य आकाश मुनि जी महाराज, सरपंच अवि हायर, डॉ. प्रदीप बेनीवाल एवं भागवत हायर का सम्मान भी किया गया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनसमूह ने नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार एवं समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया। श्रीकरणपुर में आयोजित यह आयोजन न केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम रहा, बल्कि नशे के विरुद्ध एक सशक्त जनआंदोलन के रूप में उभरकर सामने आया।
#हैशटैग #KhayaliSaharan #LaughterChampion #Karanpur #ComedyShow #MotivationalComedy #LiveShow #RajasthanEvents #DucNewsRajasthan #ViralNews #TrendingNow #ComedyNight #Entertainment #ShriKaranpur
Shree Ganganagar, Ganganagar | Jul 7, 2026