
"खर्चा-पानी" के नाम पर रिश्वतखोरी! कानून का रखवाला ही निकला वसूलीबाज, ACB ने ASI को 40 हजार रुपए लेते दबोचा।
जोधपुर। पुलिस की वर्दी पर एक बार फिर रिश्वतखोरी का दाग लगा है। पुलिस कमिश्नरेट जोधपुर के शास्त्री नगर थाने में तैनात सहायक उप निरीक्षक (ASI) हरदेवराम को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने रविवार को 40 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी पर मारपीट के एक प्रकरण में नाम हटाने और जांच में राहत देने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।
एसीबी के अनुसार परिवादिया ने शिकायत दी थी कि उसके पति के साथ मारपीट के मामले की जांच ASI हरदेवराम कर रहा था। इसी दौरान आरोपी ने पहले 5 रुपए हजार "खर्चा-पानी" के नाम पर ले लिए। बाद में परिवादिया के पति और अन्य लोगों को मामले में राहत दिलाने तथा कुछ नाम जांच से हटाने के बदले 50 हजार रुपए रिश्वत की मांग की गई। शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने ट्रैप की कार्रवाई की।
एसीबी स्पेशल यूनिट जोधपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश चौधरी के नेतृत्व में निरीक्षक उमेश कुमार विश्नोई एवं टीम ने जाल बिछाया। आरोपी ASI हरदेवराम परिवादिया के घर पहुंचा और 40 हजार रुपए रिश्वत लेकर अपनी पैंट की जेब में रखते ही एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई एसीबी जोधपुर रेंज के उप महानिरीक्षक नारायण टोगस के सुपरविजन में की गई। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। एसीबी अब आरोपी से पूछताछ कर यह भी पता लगा रही है कि रिश्वत की राशि किसी अन्य अधिकारी के लिए मांगी गई थी या नहीं।
नोट: खबर में लगाए गए कटाक्ष केवल कथित रिश्वतखोरी के आरोप और एसीबी की गिरफ्तारी की कार्रवाई के संदर्भ में हैं। आरोपी को न्यायालय में दोष सिद्ध होने तक कानूनन आरोपी ही माना जाएगा।
#police #foryouシ #jodhpur #rajasthan