
भोपाल के करोंद इलाके में बारिश के गंदे पानी से भरे गड्ढे में पेयजल लाइन का वॉल्व ढूंढने का वीडियो सामने आया है। इसे लेकर कांग्रेस ने चुटकी ली है। कांग्रेस नेता अभिनव बारोलिया ने कहा कि कर्मचारी नल खोलने आए थे या नाली साफ करने? पार्षद दानिश खान ने भी मामले में नाराजगी जताई है।
वीडियो वार्ड-77 का तीन से चार दिन पुराना बताया जा रहा है, जो सोमवार को सामने आया। 25 सेकंड के वीडियो में निगमकर्मी गड्ढे के अंदर पेयजल लाइन की वॉल्व की चाबी ढूंढ रहा है। काफी कोशिश के बावजूद उसे चाबी नहीं मिल पाई। दूसरा वीडियो 10 सेकंड का है। जिसमें वॉल्व के आसपास गंदा पानी भरा हुआ है।
कांग्रेस नेता बारोलिया ने कहा कि यही पानी आप और आपके बच्चे पिएंगे? पार्षद खान ने बताया कि भोपाल को इंदौर के भागीरथपुरा जैसा बनाया जा रहा है। मैं पानी की लाइन और गड्ढे में भरे पानी को लेकर 15 दिन पहले ही आपत्ति ले चुका हूं, लेकिन निगम के जिम्मेदारों ने सुध नहीं ली।
पार्षद खान ने बताया कि वार्ड में कई जगहों पर पानी की लाइन ऐसी जगह बिछाई गई है, जहां गंदा पानी भर रहा है। इससे बीमारी होने का खतरा है। निगम के जिम्मेदार बिना जनप्रतिनिधियों के संज्ञान में लाए नई लाइन बिछा रहे हैं, जो गलत है।
#MPNews #bhopal #bhopal_the_city_of_lakes #bhopalnews #bhopalcity #bhopalinfo #bhopaldiaries