
आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को EVTHS का प्रशिक्षण, शिक्षा और स्वास्थ्य समन्वय पर दिया गया विशेष मार्गदर्शन
..
मध्यप्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के EVTHS प्रशिक्षण में शिक्षा एवं स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षण का उद्देश्य आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की क्षमता वृद्धि करते हुए उन्हें बच्चों, किशोर-किशोरियों एवं समुदाय के स्वास्थ्य, शिक्षा और जागरूकता संबंधी गतिविधियों में अधिक प्रभावी भूमिका निभाने के लिए तैयार करना रहा।
प्रशिक्षण के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी श्री नरेन्द्र कुमार अहिरवार ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को "आंगनवाड़ी एवं शाला एक परिसर" विषय पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आंगनवाड़ी और विद्यालय के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होने से बच्चों के प्रारंभिक शिक्षा स्तर में सुधार होगा तथा विद्यालय में प्रवेश, नियमित उपस्थिति और समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बच्चों की शैक्षणिक प्रगति पर विशेष ध्यान देने तथा अभिभावकों से निरंतर संवाद बनाए रखने का आग्रह किया।
इस अवसर पर जिला क्षय एवं एड्स रोग अधिकारी डॉ. समीर किरार ने कार्यकर्ताओं को एचआईवी/एड्स, क्षय रोग (टीबी), संक्रमण की रोकथाम, समय पर जांच एवं उपचार तथा जन-जागरूकता के महत्व पर प्रशिक्षण दिया। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य संबंधी संदेश पहुंचाने की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके माध्यम से लोगों में एचआईवी/एड्स और टीबी जैसी बीमारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने, भ्रांतियों को दूर करने तथा समय पर उपचार के लिए प्रेरित करने का कार्य प्रभावी रूप से किया जा सकता है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने विषय विशेषज्ञों से विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी प्राप्त की तथा स्वास्थ्य एवं शिक्षा से जुड़े व्यवहारिक पहलुओं पर चर्चा की। कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को समुदाय में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने, बच्चों के सर्वांगीण विकास तथा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के बेहतर समन्वय के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया। #vidisha