
प्रेस विज्ञप्ति
परीक्षा परिणामों में गड़बड़ियों के विरोध में SFI ने किया प्रदर्शन, ज्ञापन सौंपा
भादरा, 8 जुलाई। स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) के नेतृत्व में राजकीय महाविद्यालय भादरा के विद्यार्थियों ने परीक्षा परिणामों में सामने आई गड़बड़ियों के विरोध में प्रदर्शन कर महाविद्यालय प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
विद्यार्थियों ने आरोप लगाया कि उन्होंने समय पर प्रायोगिक (प्रैक्टिकल) परीक्षा एवं मुख्य परीक्षा दी थी, इसके बावजूद सैकड़ों विद्यार्थियों को परीक्षा परिणाम में अनुपस्थित दर्शाया गया है। वहीं अनेक विद्यार्थियों को विभिन्न विषयों में अनुत्तीर्ण घोषित कर दिया गया, जिससे विद्यार्थियों में भारी रोष है।
SFI ने कहा कि परीक्षा परिणामों में हुई इन त्रुटियों के कारण विद्यार्थियों को पुनर्मूल्यांकन एवं पुनः अवलोकन (री-टोटलिंग/रीवैल्यूएशन) के लिए आवेदन करना पड़ रहा है, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। साथ ही, परिणामों की गड़बड़ियों के कारण विद्यार्थियों को मानसिक तनाव और अपने शैक्षणिक भविष्य को लेकर चिंता का सामना करना पड़ रहा है।
संगठन ने मांग की कि सभी प्रभावित विद्यार्थियों के परीक्षा परिणामों की निष्पक्ष जांच कर तत्काल त्रुटियों में सुधार किया जाए, ताकि किसी भी विद्यार्थी का शैक्षणिक भविष्य प्रभावित न हो।
SFI ने चेतावनी दी कि यदि परीक्षा परिणामों में हुई गड़बड़ियों का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो 9 जुलाई को उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी।
इस अवसर पर आर्यन, अभिषेक, लोकेश, मोनू, अरबाज, रोहतास लोर, गौरीशंकर, सतवीर, प्रियांशी कसवा, पूजा, सुमन, सुदेश एवं रवीना सहित अनेक विद्यार्थी उपस्थित रहे।