
मंगलपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार।
मंगलपुर थाना पुलिस ने नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म के मामले में वांछित 20 वर्षीय आरोपी अरुण कुमार राठौर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को झींझक रेलवे स्टेशन के सामने स्थित एक चाय की दुकान के पास से गिरफ्तार किया।
मंगलपुर थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार ने मंगलवार साढ़े छः बजे बताया कि 26 जून को पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पीड़िता के बयान, मेडिकल परीक्षण और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ाई गईं।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मंगलवार को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि महिला और बाल अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है और ऐसे मामलों में वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को सक्रिय रखा गया है।