
बाबा खेतरपाल मंदिर में 24 को होगा रात्रि जागरण,
25 अक्टूबर को लंगर,
38वें वार्षिक धार्मिक आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू, मनोज रंगा एंड पार्टी बीकानेर वाले देंगे भजनों की प्रस्तुतियां
अनूपगढ के वार्ड संख्या 13 स्थित बाबा खेतरपाल मंदिर में 38वें वार्षिक धार्मिक आयोजन के तहत 24 अक्टूबर को विशाल रात्रि जागरण तथा 25 अक्टूबर को भंडारे एवं लंगर का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है। धार्मिक कार्यक्रम में भजन-कीर्तन के माध्यम से बाबा खेतरपाल की महिमा का गुणगान किया जाएगा। सेवादार वेद प्रकाश बलाना ने बताया कि आयोजन के तहत शनिवार, 24 अक्टूबर को रात 9:15 बजे रात्रि जागरण शुरू होगा। इसमें मनोज रंगा एंड पार्टी, बीकानेर वाले भजनों की प्रस्तुतियां देंगे। अगले दिन रविवार, 25 अक्टूबर को सुबह 11:15 बजे से भंडारे एवं लंगर का आयोजन किया जाएगा। इसमें श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे। अध्यक्ष नवीन धुडिया ने बताया कि बाबा खेतरपाल मंदिर में आयोजित होने वाले इस वार्षिक धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। आयोजन को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। श्रद्धालु बाबा के दरबार में मत्था टेककर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करेंगे।