
साइबर ठगी के शिकार किसान को 3 दिन में मिली राहत, गंजडुंडवारा पुलिस ने वापस कराए ₹38 हजार
कासगंज। गंजडुंडवारा थाना पुलिस की साइबर हेल्प डेस्क ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के शिकार एक पीड़ित के ₹38,000 महज तीन दिनों के भीतर उसके खाते में वापस कराकर सराहनीय कार्य किया है।
पुलिस के अनुसार, 24 जुलाई 2026 को नगला नैनसुख निवासी राजाराम ने थाना गंजडुंडवारा की साइबर हेल्प डेस्क पर शिकायत दर्ज कराई थी कि साइबर ठगों ने AEPS (आधार इनेबल्ड पेमेंट सिस्टम) के माध्यम से उसके बैंक खाते से ₹38,000 निकाल लिए हैं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर हेल्प डेस्क टीम ने तत्काल जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक ओ. पी. सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी पटियाली अमित कुमार के नेतृत्व में चलाए जा रहे साइबर अपराध विरोधी अभियान के तहत टीम ने साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई की।
लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप महज तीन दिन के भीतर ठगी गई पूरी ₹38,000 की धनराशि पीड़ित के बैंक खाते में वापस करा दी गई।
अपनी पूरी रकम वापस मिलने पर पीड़ित राजाराम ने गंजडुंडवारा पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कासगंज पुलिस का आभार व्यक्त किया।
कासगंज पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें या निकटतम पुलिस थाना अथवा साइबर हेल्प डेस्क पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते धनराशि सुरक्षित कराई जा सके।