
नक्सल विरोधी अभियान में उत्कृष्ट योगदान पर हॉक फोर्स के सहायक सेनानी अशोक कुमार जादौन को डीजीपी ने किया सम्मानित,
बालाघाट। मध्यप्रदेश पुलिस के हॉक फोर्स में वर्ष 2025-26 के दौरान नक्सल विरोधी अभियानों में उल्लेखनीय एवं साहसिक योगदान देने पर हॉक फोर्स, बालाघाट के सहायक सेनानी श्री अशोक कुमार जादौन को पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) कैलाश मकवाना द्वारा प्रशंसा-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
डीजीपी द्वारा जारी प्रशंसा-पत्र में उल्लेख किया गया है कि श्री जादौन ने बालाघाट जोन में पदस्थापना के दौरान विषम परिस्थितियों में भी नक्सल विरोधी अभियानों में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए प्रभावी एवं उल्लेखनीय योगदान दिया। प्रदेश को नक्सल समस्या से मुक्त कराने में उनकी भूमिका सराहनीय रही है।
प्रशंसा-पत्र में यह भी आशा व्यक्त की गई है कि श्री अशोक कुमार जादौन भविष्य में भी अपनी उत्कृष्ट व्यावसायिक दक्षता, कर्तव्यपरायणता एवं समर्पण भाव का परिचय देते हुए मध्यप्रदेश पुलिस का गौरव बढ़ाते रहेंगे।
श्री अशोक कुमार जादौन को मिली इस उपलब्धि पर पुलिस विभाग एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।