
तकनीक आधारित पुलिसिंग में गुना पुलिस का प्रदेशभर में परचम, CCTNS के उत्कृष्ट क्रियान्वयन में मिला दूसरा स्थान
गुना। आधुनिक तकनीक के प्रभावी इस्तेमाल और बेहतर पुलिसिंग के दम पर गुना पुलिस ने प्रदेशभर में अपनी अलग पहचान बनाई है। वर्ष 2026 में क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम (CCTNS) के उत्कृष्ट क्रियान्वयन में गुना पुलिस ने पूरे मध्यप्रदेश में द्वितीय स्थान हासिल किया है।
यह उपलब्धि पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व, प्रभावी मॉनिटरिंग और तकनीक आधारित कार्यप्रणाली का परिणाम मानी जा रही है। उनके मार्गदर्शन में जिले के सभी थानों में अपराध पंजीयन, विवेचना, रिकॉर्ड संधारण और अपराधियों से जुड़ी जानकारी का डिजिटलीकरण समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जा रहा है।
इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए 28 जून 2026 को भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में आयोजित राज्य स्तरीय सेमीनार में मध्यप्रदेश पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना और हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति संजीव कालगांवकर ने गुना के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं CCTNS नोडल अधिकारी प्रशांत सिंह सुमन को शील्ड देकर सम्मानित किया।
गुना पुलिस ने इस उपलब्धि का श्रेय पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के नेतृत्व, एएसपी प्रशांत सिंह सुमन के समन्वय तथा जिले के सभी पुलिस अधिकारियों, थाना प्रभारियों और CCTNS शाखा के कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों को दिया है। पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी आधुनिक तकनीक आधारित पुलिसिंग को और मजबूत बनाकर अपराध नियंत्रण और नागरिकों को बेहतर सेवाएं देने का प्रयास जारी रहेगा।