
22 लाख की धोखाधड़ी, शाहजहांपुर पुलिस ने 9 साइबर अपराधी गिरफ्तार, APK फाइल भेजकर लोगों को बनाते थे निशाना
शाहजहांपुर पुलिस ने शनिवार को साइबर धोखाधड़ी करने वाले नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी हल्द्वानी, नैनीताल, गोंडा, मुरादाबाद, बरेली और शाहजहांपुर के रहने वाले हैं। पुलिस ने रात नौ बजे पुलिस लाइन में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस मामले का खुलासा किया। सभी आरोपियों ने मिलकर लगभग 22 लाख रुपये की धोखाधड़ी की थी। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे सीधे-साधे व्यक्तियों को कमीशन का लालच देकर उनके बैंक खाते की जानकारी और खाता संख्या प्राप्त कर लेते थे। इसके बाद एसएमएस एपीके (APK) फाइल के माध्यम से उनके फोन में इंस्टॉल और रन करते थे। एपीके फाइल सक्रिय होने के बाद खाते से संबंधित सभी ओटीपी, एसएमएस और अन्य बैंकिंग संदेश उनके हैंडलर के पास पहुंचने लगते थे। खातों से निकाली गई धनराशि भी हैंडलर के नियंत्रण में आ जाती थी। ठगी कर प्राप्त की गई धनराशि में से कमीशन यूएसडीटी (USDT) में प्राप्त होता था, जिसे वे आपस में बांट लेते थे।
थाना कांट क्षेत्र के खुटरिया गांव के लखविंदर, मुरादाबाद के राहुल यादव, बरेली के राशिद खान, गोंडा के देवेश उर्फ देव, नैनीताल के सईद सिद्दीकी और हल्द्वानी के वसीम समेत नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है।