
शोघी में 12 ग्राम चिट्टा सहित आरोपी गिरफ्तार, शिमला पुलिस की नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई
शिमला -
शिमला पुलिस द्वारा नशा तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत स्पेशल सेल शिमला को एक और महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने शोघी पुलिस चौकी के समीप एचआरटीसी बस की चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति के कब्जे से 12 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद कर उसे गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, 24 जुलाई 2026 को स्पेशल सेल शिमला की टीम शोघी पुलिस चौकी के पास प्रभावी गश्त एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एचआरटीसी बस में यात्रा कर रहे एक संदिग्ध व्यक्ति के बैग की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके बैग में माचिस की डिब्बी के भीतर छिपाकर रखी गई 12 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमित ठाकुर (32 वर्ष), निवासी ननखड़ी, जिला शिमला के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध पुलिस थाना बालुगंज में अभियोग संख्या 151/2026, दिनांक 24 जुलाई 2026, धारा 21 एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को नियमानुसार माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा तथा मामले की गहन जांच जारी है। शिमला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशा तस्करों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।