
भोमियाजी के दर्शन कर लौट रहे थे आठ दोस्त, एक हादसे ने छीन ली पांच जिंदगियां
बालोतरा। रविवार को भोमियाजी के दर्शन कर लौट रहे आठ दोस्तों को क्या पता था कि यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर साबित होगा। बाड़मेर-जोधपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पचपदरा थाना क्षेत्र के भाडिंयावास गांव के पास स्कॉर्पियो की आगे चल रहे डंपर से भीषण टक्कर हो गई। हादसे में पांच युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार सभी युवक बालोतरा जिले के विभिन्न गांवों के रहने वाले थे। इनमें से कुछ पचपदरा रिफाइनरी में कार्यरत थे, जबकि हेमाराम सोमवार को रिफाइनरी में हेल्पर पद के लिए इंटरव्यू देने आया था। रविवार को अवकाश होने के कारण सभी दोस्तों ने जोधपुर स्थित भोमियाजी के दर्शन करने का कार्यक्रम बनाया था।
दर्शन कर देर रात सभी स्कॉर्पियो से अपने गांव लौट रहे थे। रास्ते में भाडिंयावास गांव के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो आगे चल रहे डंपर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकालकर राजकीय नाहटा अस्पताल, बालोतरा पहुंचाया। वहां तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि पांच घायलों को जोधपुर रेफर किया गया। उपचार के दौरान दो और युवकों की मौत हो गई।
हादसे में रेवांताराम, स्वरूपाराम, भरत, किशन और भावेश की जान चली गई, जबकि हेमाराम, बाबू और मुकेश का जोधपुर के एमडीएम अस्पताल में उपचार जारी है। इस दर्दनाक हादसे से कानोड सहित आसपास के गांवों में शोक की लहर है। एक साथ पांच युवकों की मौत से पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।