पूर्णिया जिले में बकरा नदी पर बना सोनापुर पुल अचानक टूट गया। पुल टूटने के दौरान उस पर से गुजर रहा एक ट्रक सीधे नदी में जा गिरा, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया। घटना मौर प्रखंड के तियरपाड़ा पंचायत के असियानी गांव के पास की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, करीब 11 बजे ट्रक पुल से गुजर रहा था, तभी पुल का हिस्सा अचानक टूट गया और ट्रक नदी में जा गिरा। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई। गनीमत रही कि ट्रक चालक किसी तरह तैरकर नदी से बाहर निकल आया और उसकी जान बच गई। हादसे में ट्रक नदी के पानी में डूब गया। पुल टूटने के कारण आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने और आवागमन की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।