
धनबाद के नेमोरी क्षेत्र से आए लगभग 35 जंगली हाथियों का झुंड रविवार शाम गिरिडीह वन क्षेत्र के पीरटांड़ थाना अंतर्गत बारापहाड़ी गांव में प्रवेश कर गया। हाथियों की मौजूदगी से आसपास के ग्रामीण इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
वन विभाग के अनुसार हाथियों का झुंड बारापहाड़ी, बरवाडीह, महेशलिट्टी, दर्दमारा, अंगिया, खेताडाबर, तिलैया और सिमरकोढ़ी सहित आसपास के क्षेत्रों में देखा गया है। झुंड को सुरक्षित तरीके से वापस वन क्षेत्र की ओर भेजने के लिए वन विभाग और स्थानीय प्रशासन ने रेस्क्यू एवं ड्राइव अभियान शुरू कर दिया है। हालांकि लगातार हो रही बारिश के कारण अभियान प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि रात में बिना आवश्यक कारण घर से बाहर न निकलें। हाथियों के पास जाने, उन्हें देखने, फोटो या वीडियो बनाने तथा तेज आवाज या पटाखे फोड़ने से बचें। बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें, भीड़ न लगाएं और हाथियों की गतिविधि से संबंधित किसी भी सूचना की जानकारी तुरंत वन विभाग या स्थानीय प्रशासन को दें।
प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और पूरी सतर्कता बरतने की अपील की है।
#highlight
#jharkhand
#forest
#GiridihNews
#giridihupdates
#tisriखबर