**पटना:** दशहरा के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए बिहार के स्वास्थ्य विभाग ने सभी सरकारी अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रहने का निर्देश दिया है। कोलकाता और ग्वालियर में हुए हादसों के बाद यह फैसला लिया गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर घायलों को तुरंत इलाज मिल सके।
स्वास्थ्य विभाग के निर्देश के अनुसार, मेडिकल कॉलेज अस्पतालों, जिला अस्पतालों, अनुमंडलीय अस्पतालों और प्राथमिक व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों तथा पैरामेडिकल कर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित करनी होगी। इसके साथ ही मरीजों को निःशुल्क जांच, दवाएं और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है।
अस्पतालों की व्यवस्था जांचने के लिए राज्य और प्रमंडल स्तर के अधिकारी औचक निरीक्षण भी करेंगे। प्रत्येक प्रमंडल में अधिक मरीजों वाले तीन अस्पतालों की जांच कर रिपोर्ट मुख्यालय को भेजने का निर्देश दिया गया है। विभाग का उद्देश्य त्योहार के दौरान किसी भी दुर्घटना या आपात स्थिति में मरीजों को समय पर बेहतर इलाज उपलब्ध कराना है।