
मोहन मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें तेज, कई मंत्रियों की छुट्टी और नए चेहरों की एंट्री संभव
भोपाल। मध्य प्रदेश में मोहन यादव मंत्रिमंडल के विस्तार की अटकलें एक बार फिर तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पिछले दो दिनों से दिल्ली दौरे पर हैं और इस दौरान संगठन के वरिष्ठ नेताओं से उनकी मुलाकात को कैबिनेट विस्तार से जोड़कर देखा जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक मंत्रियों की परफॉर्मेंस रिपोर्ट के आधार पर बड़ा फेरबदल हो सकता है।
बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले मंत्रियों के जिलों के दौरे, विभागीय योजनाओं की प्रगति, संगठन के साथ समन्वय और प्रभार वाले जिलों में सक्रियता का फीडबैक लिया गया था। मुख्यमंत्री मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने मंत्रियों से वन-टू-वन चर्चा भी की थी।
मौजूदा मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री समेत 31 सदस्य हैं, जबकि अधिकतम 35 मंत्री हो सकते हैं। चर्चा है कि कुछ मौजूदा मंत्रियों को हटाकर नए विधायकों को मौका दिया जा सकता है। विजय शाह, धर्मेंद्र लोधी, लखन पटेल और प्रतिमा बागरी को लेकर भी फैसले की अटकलें हैं।
वहीं गोपाल भार्गव, भूपेंद्र सिंह, शैलेंद्र जैन, प्रदीप लारिया, अर्चना चिटनीस, मालिनी गौड़ और बृजेंद्र सिंह यादव के नाम संभावित नए चेहरों में चर्चा में हैं।
#MadhyaPradesh #MohanYadav #CabinetExpansion #BJP #MPPolitics