
देवघर में रंगदारी और हथियार के बल पर धमकी देने वाले गिरोह पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 3 गिरफ्तार।
देवघर: ––देवघर में दुकानदारों और व्यवसायियों से रंगदारी मांगने, मारपीट एवं जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले की पुष्टि देवघर एसपी प्रवीण पुष्कर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर की है।
एसपी ने बताया की पिछले कुछ दिनों से बाबा बैद्यनाथ मंदिर के पास शिवगंगा क्षेत्र में लगे अस्थायी दुकानदारों और व्यवसायियों से अपराधियों द्वारा मारपीट, छिनतई, रंगदारी मांगने और रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देने की शिकायतें मिल रही थीं। पुलिस को यह भी सूचना मिली थी कि आरोपियों द्वारा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर को जबरन अपने साथ ले जाने का प्रयास किया गया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए देवघर नगर थाना में अलग-अलग तिथियों में कुल चार कांड दर्ज किए गए। इसके बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर देवघर के नेतृत्व में तीन टीमों का गठन कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी।
इसी क्रम में पुलिस को सूचना मिली कि कांड का वांछित आरोपी जमशेदपुर जिले के साकची थाना क्षेत्र में सरकारी क्वार्टर में छिपकर रह रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने साकची थाना पुलिस के सहयोग से छापेमारी कर गौरव झा और निहाल मिश्रा को गिरफ्तार किया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों के स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर शिवगंगा स्थित श्मशान घाट की झाड़ियों में छिपाकर रखे गए एक देशी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। वहीं, एक अन्य पुलिस टीम ने आरोपी विक्रम कुमार चौरसिया को उसके घर से गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर छत्तीसी स्थित दूसरे घर से सीसीटीवी कैमरा और डीवीआर भी बरामद किया गया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी गौरव झा और निहाल मिश्रा के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं और एक पुराने कुंडा थाना कांड में दोनों को आजीवन कारावास की सजा होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
1. गौरव झा, उम्र करीब 26 वर्ष
2. निहाल मिश्रा, उम्र करीब 26 वर्ष
3. विक्रम कुमार चौरसिया, उम्र करीब 25 वर्ष
पुलिस ने इस पूरे मामले में रंगदारी, धमकी, हथियार रखने और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता को लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य कौन-कौन लोग इस तरह की घटनाओं में शामिल हैं।