
मिर्जापुर: मेडिकल कॉलेज के ICU में 14 घंटों से बिजली गुल, गर्मी से बेहाल मरीज; परिजनों में आक्रोश
मिर्जापुर। मंडलीय चिकित्सालय मां विंध्यवासिनी स्वशासी मेडिकल कॉलेज परिसर स्थित आईसीयू वार्ड में रविवार सुबह से बिजली आपूर्ति बाधित रहने का मामला सामने आया है। बिजली न होने से भर्ती मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
परिजनों का आरोप है कि बिजली गुल होने के कारण वार्ड के पंखे और अन्य सुविधाएं बंद रहीं, जिससे उमस और गर्मी में मरीजों की हालत खराब होती रही। कई परिजन अपने भर्ती मरीजों को हाथ से पंखा झलकर राहत देने का प्रयास करते दिखाई दिए।
परिजनों का कहना है कि जब उन्होंने ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ से बिजली न होने का कारण पूछा तो उन्हें जवाब मिला कि, "हम क्या करें, जाकर पता करिए।" इस जवाब से परिजनों में नाराजगी और बढ़ गई।
यदि यह स्थिति लंबे समय तक बनी रही है, तो यह गंभीर चिंता का विषय है क्योंकि आईसीयू जैसे संवेदनशील वार्ड में निर्बाध बिजली व्यवस्था अत्यंत आवश्यक होती है। अस्पताल प्रशासन की ओर से बिजली बाधित होने के कारण और उसे बहाल करने के संबंध में आधिकारिक बयान का इंतजार है।