
गलुआपुर के पास रूरा-डेरापुर मार्ग पर भीषण हादसा, दो की मौत, एक गंभीर घायल
रूरा-डेरापुर मार्ग पर रविवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही डेरापुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार रविवार सुबह गलुआपुर गांव के निकट रूरा-डेरापुर मार्ग पर दो मोटरसाइकिलों में आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार कई फीट दूर जा गिरे। हादसे में बदनपुर मजरा पैलावर, थाना राजपुर निवासी 35 वर्षीय चिंटू नायक पुत्र रघुनाथ सिंह तथा बलदीपुरवा मजरा सिहुंठा, थाना डेरापुर निवासी 52 वर्षीय जयप्रकाश पुत्र रूपलाल की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। लोगों ने घायलों को संभालने और सहायता पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक दोनों की सांसें थम चुकी थीं। दुर्घटना की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया और घरों में मातम पसर गया।
वहीं दुर्घटना में सरदारपुर, थाना राजपुर निवासी रोहित नायक पुत्र केदार गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डेरापुर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उसका उपचार जारी है।
सूचना पर पहुंची डेरापुर थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी धीरेंद्र सिंह ने रविवार 1 बजे बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है तथा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। कुछ ही देर में मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई ।