
विश्व पर्यावरण दिवस पर सोहागपुर में पर्यावरण संगोष्ठी आयोजित
जल संरक्षण एवं वृक्षारोपण को लेकर किया गया जनजागरण
नर्मदा टाइम्स, सोहागपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर विकास प्रस्फुटन समिति सोहागपुर के तत्वावधान में स्थानीय विश्राम गृह, सोहागपुर में पर्यावरण संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नवांकुर, मेंटर, नगर समिति के सदस्य, सामाजिक कार्यकर्ता एवं नगर के वरिष्ठ नागरिकों ने सहभागिता कर पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन एवं वृक्षारोपण के महत्व पर विचार-विमर्श किया।
संगोष्ठी की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती प्रीति शुक्ला ने की। इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष अश्वनी सरोज, नगर विकास प्रस्फुटन समिति के अध्यक्ष अभिनव पालीवाल, समिति सचिव ऋषभ गढ़वाल, पार्षद रवि उईके, अंकुश जायसवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण को वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए जल स्रोतों के संरक्षण, वर्षा जल संचयन तथा अधिक से अधिक वृक्षारोपण पर बल दिया। साथ ही आमजन से पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान किया गया।
संगोष्ठी में जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत 5 जून 2026 से 30 जून 2026 तक संचालित होने वाले तृतीय चरण की विस्तृत जानकारी भी दी गई। अभियान के तहत क्षेत्र के कुओं, बावड़ियों एवं अन्य पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण, संवर्धन एवं स्वच्छता के लिए जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही प्रधानमंत्री के आह्वान पर संचालित "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के अंतर्गत अधिक से अधिक पौधारोपण करने का संकल्प भी लिया गया।
कार्यक्रम में जन अभियान परिषद के संभागीय एवं जिला स्तर के प्रतिनिधि कौशलेश तिवारी एवं पवन सहगल विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए नागरिकों से जल एवं हरित संसाधनों के संरक्षण हेतु सक्रिय सहयोग करने का आग्रह किया।
संगोष्ठी में जन अभियान परिषद के ब्लॉक समन्वयक किशोर करौली, नरेंद्र देशमुख, विकासखंड बाबई एवं माखननगर के प्रतिनिधियों सहित कमल सिंह किरार, संदेश मिश्रा, गजेंद्र ठाकुर, राकेश गोस्वामी, हर्ष तिवारी, संदीप मालवीय, अनिल चौधरी, ललित कुमार मौर्य एवं अखिलेश कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता एवं पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, जल स्रोतों के संवर्धन तथा अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का संकल्प लेते हुए आगामी एक माह तक चलने वाले जल गंगा संवर्धन अभियान को जनभागीदारी से सफल बनाने का संकल्प व्यक्त किया।