
उपायुक्त ने समाधान शिविर में सुनी समस्याएं , अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश
बिजली की तार, अवैध कब्जे और प्रदूषण समेत कई शिकायतों पर उपायुक्त सख्त
समाधान शिविर का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का समयबद्ध हो निवारण-उपायुक्त
पंचकूला, 27 जुलाई : उपायुक्त श्री सतपाल शर्मा ने सोमवार को लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित समाधान शिविर में जिलावासियों की विभिन्न विषयों से संबंधित 18 समस्याएं सुनी और अधिकतम का मौके पर ही समाधान किया। शेष समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया ।
उपायुक्त ने गांव भोगपुर, तहसील मोरनी निवासी प्रदीप की उसके घर के ऊपर से बिजली की तार हटवाने की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए यूएचबीवीएन, पिंजौर को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
शिविर में गांव पिंजावाली, तहसील रायपुररानी निवासी सुरेंद्र कुमार ने शिकायत दी कि गांव की फिरनी पर कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर रखा है। इस पर उपायुक्त ने जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी को मामले की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
एक अन्य शिकायत में गांव रत्तेवाली के ग्रामीणों ने बताया कि गांव स्थित ग्रेनिया हैरिटेज ग्रुप कंपनी से निकलने वाला रासायनिक युक्त गंदा पानी खेतों और आसपास के क्षेत्रों को नुकसान पहुंचा रहा है। इससे किसानों, ग्रामीणों और पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। मामले का संज्ञान लेते हुए उपायुक्त ने बीडीपीओ, बरवाला को जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत थापली के ग्रामीणों ने शिकायत में बताया कि नदी में जलस्तर बढ़ने से भारी कटाव हो गया है, जिससे ट्यूबवेल के बह जाने की आशंका बनी हुई है। उन्होंने ट्यूबवेल की सुरक्षा के लिए क्रेट वायर लगाने की मांग की, ताकि बरसात या नदी का पानी ट्यूबवेल को नुकसान ना पहुँचा सके। इस पर उपायुक्त ने डीएफओ को मामले में उचित कार्रवाई कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि समाधान शिविर आमजन की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम है। लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए विभिन्न कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसी उद्देश्य से प्रत्येक सोमवार और वीरवार को प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक समाधान शिविर आयोजित किया जाता है, जिसमें सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहते हैं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान शिविर में प्राप्त होने वाली शिकायतों का निर्धारित समय सीमा में समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर नगराधीश जागृति, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी विशाल पराशर तथा जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, लोक निर्माण विभाग, एचएसवीपी, पीएमडीए, पुलिस, स्वास्थ्य, सिंचाई, नगर निगम सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।