
सेक्टर-16 स्थित वन स्टॉप सेंटर महिलाओं के लिए बना सुरक्षा का भरोसेमंद केंद्र: उपायुक्त सतपाल शर्मा
पंचकूला, 28 जुलाई। उपायुक्त सतपाल शर्मा ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के उद्देश्य से सेक्टर-16 स्थित वन स्टॉप सेंटर 24×7 संचालित किया जा रहा है। यहां हिंसा, उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, शारीरिक शोषण या किसी भी संकट का सामना कर रही महिलाओं को एक ही छत के नीचे पुलिस सहायता, कानूनी परामर्श, चिकित्सा सुविधा, मनोवैज्ञानिक काउंसलिंग और अस्थायी आश्रय जैसी समेकित सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उपायुक्त ने बताया कि जरूरतमंद महिलाएं सीधे वन स्टॉप सेंटर पहुंचकर सहायता प्राप्त कर सकती हैं। इसके अलावा महिला हेल्पलाइन 181 या आपातकालीन नंबर 112 के माध्यम से भी सेवाओं का लाभ लिया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रशिक्षित विशेषज्ञों द्वारा काउंसलिंग और मनोवैज्ञानिक सहायता प्रदान की जाती है, ताकि पीड़ित महिलाएं मानसिक रूप से मजबूत होकर अपनी समस्याओं का सामना कर सकें। यदि किसी महिला के पास सुरक्षित ठहरने की व्यवस्था नहीं है, तो उसे वन स्टॉप सेंटर में पांच दिनों तक निःशुल्क अस्थायी आश्रय भी उपलब्ध कराया जाता है।
उपायुक्त सतपाल शर्मा ने जिले की महिलाओं और आम नागरिकों से अपील की कि किसी भी महिला या बालिका के साथ हिंसा, उत्पीड़न या अन्याय की घटना होने पर बिना किसी संकोच के वन स्टॉप सेंटर से संपर्क करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पीड़ित महिला को समय पर सहायता उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
#पंचकूला #वन_स्टॉप_सेंटर #महिला_सुरक्षा #सतपाल_शर्मा #महिला_सशक्तिकरण #हरियाणा #समाचार_संसार_न्यूज़24 #सच्ची_खबर_सटीक_विश्लेषण