
गंगा ग्राम जलालपुर में मनाया गया 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, योग के साथ पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
डेरापुर, कानपुर देहात। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विकास खंड संदलपुर के गंगा ग्राम जलालपुर में जिला गंगा समिति कानपुर देहात की ओर से जनसहभागिता आधारित योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एमएलसी अविनाश सिंह चौहान ने किया। जिला परियोजना अधिकारी विवेक कुमार सैनी ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। योग प्रशिक्षक मो. मारूफ ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया तथा नियमित योग के शारीरिक और मानसिक लाभों की जानकारी दी।
इस अवसर पर एमएलसी अविनाश सिंह चौहान ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जिसे आज पूरी दुनिया ने स्वीकार किया है। उन्होंने योग को स्वस्थ एवं तनावमुक्त जीवन का आधार बताते हुए लोगों से इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण करने का संदेश दिया।
क्षेत्रीय उपाध्यक्ष महिला मोर्चा रागिनी भदौरिया ने कहा कि योग महिलाओं, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए समान रूप से लाभकारी है तथा स्वस्थ परिवार और समाज के निर्माण में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। चेयरमैन प्रतिनिधि योगेंद्र पाल ने कहा कि व्यस्त जीवनशैली में योग मानसिक शांति और शारीरिक सुदृढ़ता का प्रभावी माध्यम है।
योग कार्यक्रम के उपरांत मुख्य अतिथि एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने फलदार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में एनजीओ अलंकृत जनकल्याण फाउंडेशन एवं वीर अब्दुल हमीद फाउंडेशन ने भी सहभागिता करते हुए स्वच्छता, योग और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
इस दौरान जिला अध्यक्ष भा ज़ यु मो,परिवेश कटियार, निधि कटियार, ग्राम प्रधान जलालपुर, विनोद कटियार, ग्राम गंगा समिति अध्यक्ष, महेंद्र पाल, नरेश सेंगर, समाजसेविका वंदना सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन शांति मंत्र के साथ किया गया तथा अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।