सीवान में AK-47 फायरिंग मामले को लेकर सांसद पप्पू यादव ने घायलों से मुलाकात की। उन्होंने नई दिल्ली में घायल छात्रों से मिलकर उनका हालचाल जाना और इलाज, पढ़ाई व भविष्य में हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
जानकारी के मुताबिक, पप्पू यादव ने मोहम्मद आरिफ, बुलेट कुमार गौड़ और आकाश कुमार को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी। यानी तीनों घायल छात्रों को कुल ₹1.5 लाख की मदद दी गई।
यह मामला 25 जुलाई को बिहार बंद के दौरान सीवान में छात्र प्रदर्शन के बीच हुई पुलिस फायरिंग से जुड़ा है। वायरल वीडियो में एक पुलिसकर्मी के AK-47 से फायरिंग करने का मामला सामने आया था, जिसके बाद संबंधित पुलिसकर्मी को निलंबित किए जाने की बात सामने आई। घटना में तीन लोगों के घायल होने की जानकारी दी गई थी।
पप्पू यादव ने घायलों से पूरी घटना की जानकारी ली और उनके इलाज व भविष्य में मदद का भरोसा दिलाया। साथ ही उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग भी की।