
12 जुलाई को खुले रहेंगे सभी परिषदीय विद्यालय, वृक्षारोपण महायज्ञ को लेकर बीएसए के सख्त निर्देश
कानपुर देहात। जनपद में रविवार 12 जुलाई को आयोजित होने वाले वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 को सफल बनाने के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। आदेश के तहत जनपद के सभी परिषदीय विद्यालय रविवार को नियमित रूप से खुले रहेंगे तथा शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों एवं अन्य संबंधित कर्मचारियों की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी।
बीएसए द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार उत्तर प्रदेश शासन के अभियान के तहत विद्यालयों में प्रातः 7 बजे से वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं की सहभागिता सुनिश्चित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा। इसके अलावा पौधारोपण से जुड़ी विभिन्न जागरूकता गतिविधियां एवं प्रतियोगिताएं भी आयोजित कराई जाएंगी।
निर्देशों में कहा गया है कि लगाए गए सभी पौधों की जियो टैगिंग उसी दिन पूर्ण कराई जाए। इसके साथ ही वृक्षारोपण की प्रगति रिपोर्ट निर्धारित प्रारूप में वन विभाग तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय को ई-मेल या व्हाट्सएप के माध्यम से भेजना अनिवार्य होगा। इसके लिए आवश्यक लॉगिन आईडी, पासवर्ड एवं संचालन संबंधी दिशा-निर्देश पहले ही विद्यालयों को उपलब्ध करा दिए गए हैं।
विद्यालय बंद मिलने पर होगी कार्रवाई
बीएसए ने स्पष्ट किया है कि निरीक्षण के दौरान यदि कोई परिषदीय विद्यालय बंद पाया गया या आदेशों की अवहेलना मिली, तो संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि अभियान का समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित कराएं।