बिहार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 112 करोड़ रुपये की लागत से मंदिर बनाए जाने, 5 एकड़ जमीन दिए जाने और सोने की प्रतिमा लगाए जाने के कथित दावे को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर युवा कांग्रेस बिहार के प्रदेश प्रवक्ता Ajmer Karim अजमेर करीम ने सरकार और भाजपा समर्थकों पर तीखा कटाक्ष किया है।
अजमेर करीम ने कहा कि वीडियो में पूरे विश्वास के साथ दावा किया जा रहा है कि बिहार में प्रधानमंत्री मोदी का भव्य मंदिर बनेगा और उनकी सोने की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि सरकारी खजाना जनता के टैक्स का पैसा है, जिसका इस्तेमाल सड़क, अस्पताल और स्कूल जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि किसी कानून या संविधान में यह प्रावधान नहीं है कि राज्य सरकार किसी जीवित नेता का मंदिर बनाने के लिए सरकारी धन और जमीन दे। अजमेर करीम ने इसे राजनीतिक चाटुकारिता और अंधभक्ति की हद बताते हुए कहा कि नेताओं के काम की तारीफ लोकतंत्र में स्वाभाविक है, लेकिन किसी जीवित नेता को भगवान का दर्जा देना गंभीर सवाल खड़े करता है।
Purnea East, Purnia | Aug 21, 2026