
माता मुरारी देवी सेवा समिति के त्रैवार्षिक चुनाव 5 जुलाई को
आजीवन सदस्यों को मिलेंगे नए पहचान पत्र, चुनाव में उपस्थिति अनिवार्य
डेली हिमाचल न्यूज़ - सुंदरनगर : श्री माता मुरारी देवी सेवा समिति (पंजीकृत) मुरारीधार ने समिति के त्रैवार्षिक चुनावों की तिथि घोषित कर दी है। समिति द्वारा जारी सूचना के अनुसार चुनाव प्रक्रिया 5 जुलाई 2026 (रविवार) को आयोजित की जाएगी, जिसमें सभी आजीवन सदस्यों की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी।
समिति के प्रधान बुज लाल, कोषाध्यक्ष श्याम लाल तथा महासचिव ख्याली राम द्वारा जारी सूचना में बताया गया है कि चुनाव के दिन सभी आजीवन सदस्यों को नए पहचान पत्र (आईडी कार्ड) वितरित किए जाएंगे। बिना पहचान पत्र के किसी भी सदस्य को चुनाव प्रक्रिया में भाग लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
समिति ने स्पष्ट किया है कि आजीवन सदस्यों के लिए वर्षभर आयोजित होने वाले धार्मिक आयोजनों, जैसे जागरण, नवरात्र एवं मेले, में कम से कम तीन बार अपनी उपस्थिति मंदिर रजिस्टर में दर्ज करवाना आवश्यक होगा। ऐसे सदस्यों की ही चुनाव में भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
समिति ने सदस्यों से अपील की है कि आगामी तीन वर्षों के लिए ऐसे कर्मठ, जुझारू, ईमानदार एवं मंदिर विकास के प्रति समर्पित पदाधिकारियों का चयन करें, जो मंदिर परिसर के विकास कार्यों को नई गति प्रदान कर सकें। साथ ही मंदिर में चल रहे विकास कार्यों की समय-समय पर समीक्षा करने और समिति को सहयोग देने का भी आग्रह किया गया है।
सेवा समिति के अनुसार 5 जुलाई को प्रातः 11 बजे तक सदस्यों की उपस्थिति रजिस्टर में दर्ज की जाएगी तथा इसी दौरान पहचान पत्र वितरित किए जाएंगे। इसके पश्चात दोपहर 3 बजे तक चुनाव प्रक्रिया संपन्न करवाई जाएगी।
समिति ने सभी आजीवन सदस्यों से निर्धारित समय पर उपस्थित होकर चुनाव को सफल बनाने की अपील की है।
Daily Himachal News Dhn24×7 #MurariMataTemple