
सतौन में वित्तीय साक्षरता शिविर आयोजित, बैंकिंग और बीमा योजनाओं की दी जानकारी
सतौन (सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक की सतौन शाखा की ओर से ग्राम पंचायत सतौन में वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता विकास खंड तिलोरधार के अधिकारी राजेश नेगी ने की।
इस अवसर पर विकास खंड तिलोरधार के कर्मचारियों द्वारा पंचायत प्रतिनिधियों के लिए प्रशिक्षण शिविर भी आयोजित किया गया। हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के शाखा प्रबंधक मामचंद शर्मा ने पंचायत प्रतिनिधियों और उपस्थित कर्मचारियों को बैंकिंग से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
शाखा प्रबंधक ने केंद्र और हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न ऋण एवं बीमा योजनाओं की जानकारी देते हुए लोगों को इनके लाभों के बारे में बताया। उन्होंने ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी से बचने के उपाय, छोटी-छोटी बचत के महत्व और बचत को बेहतर तरीके से बढ़ाने के तरीकों पर भी प्रकाश डाला। इसके साथ ही ऋण का उचित उपयोग और समय पर भुगतान करने के महत्व के बारे में जागरूक किया।
कार्यक्रम में पंचायत निरीक्षक नरेंद्र सिंह मानता, उपनिरीक्षक रामलाल परमार सहित विकास खंड के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। शिविर में उपस्थित पंचायत प्रतिनिधियों ने वित्तीय साक्षरता से संबंधित जानकारी प्राप्त की और बैंकिंग योजनाओं के बारे में अपनी समझ बढ़ाई।
इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों को बैंकिंग सेवाओं, सरकारी योजनाओं, सुरक्षित डिजिटल लेनदेन और वित्तीय प्रबंधन के प्रति जागरूक करना रहा।