बिहार में बाढ़ की स्थिति को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने रविवार को बिहार की बाढ़ को लेकर भाजपा की डबल इंजन सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बिहार में बाढ़ कोई नई समस्या नहीं है। हर साल बाढ़ आने से लोगों की जान जाती है, परिवार प्रभावित होते हैं और कई लोगों को पलायन करना पड़ता है।
राहुल गांधी ने कहा कि इस बार भी बाढ़ से **लाखों लोग प्रभावित हैं और सैकड़ों गांव पानी में डूबे हुए हैं।** उन्होंने बाढ़ में मौत और लोगों के लापता होने की खबरों पर दुख जताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
राहुल गांधी ने भाजपा की डबल इंजन सरकार से सवाल किया कि पिछले **17 वर्षों में हर साल आने वाली इस बाढ़ की समस्या से निपटने के लिए क्या किया गया और जमीन पर वास्तव में क्या बदलाव आया?** उन्होंने कहा कि बिहार के लोगों को हर साल केवल राहत और आश्वासन नहीं, बल्कि बाढ़ की समस्या का **स्थायी समाधान** चाहिए।