
कांवड़ यात्रा को लेकर अलर्ट मोड में कासगंज पुलिस, एसपी ने कादरगंज गंगा घाट और कांवड़ रूट का किया निरीक्षण
सुरक्षा व्यवस्था, डायवर्जन मार्ग और गश्त व्यवस्था की समीक्षा, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
कासगंज। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह ने मंगलवार को थाना सिकंदरपुर वैश्य क्षेत्र के कादरगंज गंगा घाट का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान घाट पर तैनात फ्लड कंपनी के जवानों और स्थानीय गोताखोरों से वार्ता कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्राधिकारी पटियाली अमित कुमार तथा स्थानीय थाना प्रभारी के साथ सिकंदरपुर वैश्य, पटियाली, एटा रोड और गंजडुंडवारा सहित कांवड़ रूट एवं डायवर्जन मार्गों का भ्रमण किया। उन्होंने यातायात व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और मार्गों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इसके बाद शासन की ओर से कांवड़ यात्रा को लेकर जारी दिशा-निर्देशों की समीक्षा की गई। पुलिस अधिकारियों को कांवड़ मार्ग पर लगातार भ्रमणशील रहने, मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने तथा ग्राम प्रधानों, चौकीदारों, संभ्रांत नागरिकों और कांवड़ मित्रों के साथ बैठक कर शासन के निर्देशों से अवगत कराने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ मार्ग पर श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए मांसाहारी भोजन और मदिरा का किसी भी प्रकार से उपयोग या बिक्री न हो। इसके लिए ढाबा संचालकों, पेट्रोल पंप संचालकों और अन्य संबंधित लोगों से पूर्व में ही समन्वय स्थापित कर शासन के निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए।
इसके अलावा कांवड़ मार्ग एवं संवेदनशील ग्रामीण क्षेत्रों में प्रभावी चेकिंग और गश्त बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने तथा सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश भी दिए गए। पुलिस ने कांवड़ समितियों और अन्य विभागों के साथ समन्वय बनाकर यात्रा के दौरान आने वाली किसी भी समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया।