
#बिजली_व्यवस्था_को_सुचारू_बनाए_रखने_के_लिए_ट्रांसफार्मर_लगाने_की_मांग
बिसाऊ। कस्बे के वार्ड संख्या 9 स्थित मालियों की ढाणी में बार-बार हो रही बिजली व्यवस्था की समस्याओं के समाधान के लिए ढाणी के नागरिकों ने डिस्कॉम के एईएन अजितपाल को ज्ञापन सौंपकर नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि गत 25 मई की रात बिजली लाइन का तार टूट जाने से ढाणी के उपभोक्ताओं को पूरी रात अंधेरे और भीषण गर्मी में बितानी पड़ी। इस समस्या के विरोध में उपभोक्ताओं द्वारा प्रदर्शन किए जाने पर मौके पर पहुंचे कनिष्ठ अभियंता ने 15 दिनों के भीतर नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया था, लेकिन 20 दिन बीत जाने के बाद भी ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया।
इससे नाराज होकर सोमवार को ढाणी के नागरिकों का एक शिष्टमंडल डिस्कॉम कार्यालय पहुंचा और एईएन से मुलाकात कर शीघ्र ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की। इस पर एईएन अजितपाल ने बताया कि ट्रांसफार्मर स्थापित करने के लिए विवाद-मुक्त स्थान उपलब्ध कराना आवश्यक है। जैसे ही उपयुक्त स्थान उपलब्ध कराया जाएगा, तत्काल नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया जाएगा।
नागरिकों ने क्षेत्र में लगातार आ रही बिजली संबंधी समस्याओं के स्थायी समाधान की मांग करते हुए विभाग से शीघ्र कार्रवाई करने की अपील की है।
#shekhawatiexpress #dmjhunjhunu #NewsUpdate #CMORajasthan