
20वीं अश्विनी गुप्ता मेमोरियल जिला स्तरीय बैडमिंटन चैंपियनशिप 31 जुलाई से, उद्घाटन करेंगे मंत्री रणबीर सिंह गंगवा
पंचकूला, 27 जुलाई।
अश्विनी गुप्ता मेमोरियल एजुकेशनल, स्पोर्ट्स एंड चैरिटेबल ट्रस्ट (रजि.) तथा जिला बैडमिंटन एसोसिएशन, पंचकूला के संयुक्त तत्वावधान में 20वीं अश्विनी गुप्ता मेमोरियल जिला स्तरीय बैडमिंटन चैंपियनशिप का आयोजन 31 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक ताऊ देवी लाल खेल परिसर, सेक्टर-3 स्थित बैडमिंटन हॉल में किया जाएगा।
ट्रस्ट के चेयरमैन एवं हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने बताया कि पिछले 20 वर्षों से आयोजित हो रही इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का उद्देश्य प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और बैडमिंटन खेल को बढ़ावा देना है। प्रतियोगिता में नन्हे खिलाड़ियों से लेकर वरिष्ठ नागरिकों तक विभिन्न आयु वर्गों की स्पर्धाएं आयोजित होंगी। किसी भी वर्ग की प्रतियोगिता के लिए कम से कम छह टीमों की प्रविष्टियां अनिवार्य होंगी।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का पूरा खर्च ट्रस्ट द्वारा वहन किया जाएगा। खिलाड़ियों को उच्च गुणवत्ता के शटल कॉक, जलपान तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।
प्रतियोगिता का उद्घाटन 31 जुलाई को हरियाणा के लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर सिंह गंगवा मुख्य अतिथि के रूप में करेंगे। इस अवसर पर पंचकूला के महापौर श्याम लाल बंसल अति विशिष्ट अतिथि तथा मुख्यमंत्री के विशेष सचिव भोपाल खदरी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
चैंपियनशिप का समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह 2 अगस्त को आयोजित होगा। इस अवसर पर हरियाणा के ऊर्जा एवं परिवहन मंत्री अनिल विज मुख्य अतिथि के रूप में विजेताओं को सम्मानित करेंगे। समारोह में हरियाणा एंटी करप्शन ब्यूरो के महानिदेशक ए.एस. चावला (आईपीएस) अति विशिष्ट अतिथि तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग संघचालक रमाकांत भारद्वाज विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
ज्ञानचंद गुप्ता ने खिलाड़ियों, अभिभावकों और खेल प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में प्रतियोगिता में भाग लेने और आयोजन को सफल बनाने की अपील करते हुए विश्वास जताया कि यह चैंपियनशिप खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतर अवसर प्रदान करेगी और पंचकूला की खेल संस्कृति को नई ऊर्जा देगी।
#पंचकूला #बैडमिंटन #AshwiniGuptaMemorial #RanbirSinghGangwa #AnilVij #SportsNews #हरियाणा #सच्ची_खबर_सटीक_विश्लेषण