
सपा की बैठक में भाजपा सरकार पर जमकर निशाना, 14 जुलाई को तहसील मुख्यालयों पर प्रदर्शन का ऐलान
मिर्जापुर। जिला मुख्यालय स्थित समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय लोहिया ट्रस्ट में रविवार को आयोजित संगठनात्मक बैठक में अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री व्यास जी गोंड ने कार्यकर्ताओं के साथ संगठन की समीक्षा करते हुए बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
बैठक को संबोधित करते हुए व्यास जी गोंड ने भाजपा सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा धार्मिक मुद्दों के सहारे राजनीति कर रही है। उन्होंने प्रदेश सरकार के एक मंत्री द्वारा सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर की गई टिप्पणी की निंदा की और कहा कि जनता अब भाजपा की नीतियों को समझ चुकी है।
उन्होंने कानून-व्यवस्था, किसानों, युवाओं, मजदूरों, पिछड़ों, दलितों एवं अल्पसंख्यकों से जुड़े मुद्दों का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि सरकार की कई योजनाएं धरातल पर अपेक्षित परिणाम नहीं दे सकी हैं। उन्होंने पेपर लीक जैसी घटनाओं का भी जिक्र करते हुए कहा कि इससे युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए सपा जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी ने घोषणा की कि खाद, पानी, बिजली और सड़क जैसी जनसमस्याओं को लेकर 14 जुलाई 2026 को तहसील मुख्यालयों पर प्रदर्शन कर संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा जाएगा। उन्होंने बताया कि 15 जुलाई से 25 जुलाई तक बूथ लेवल एजेंटों का सत्यापन अभियान चलाया जाएगा तथा स्नातक एमएलसी चुनाव को देखते हुए अधिक से अधिक मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जुड़वाने का अभियान भी चलाया जाएगा।
देवी प्रसाद चौधरी ने आरोप लगाया कि प्रदेश में अपराध की घटनाएं बढ़ी हैं और कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा सरकार को जवाब देगी।
बैठक में पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक यादव, आदर्श यादव, आशीष यादव, सुरेंद्र पटेल, मुन्नी यादव, जिला प्रवक्ता अशोक सिंह मुन्ना सहित कार्यकर्ता उपस्थित रहे l