
मथानिया बाईपास पर भीषण सड़क हादसा, कार की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर घायल
ओसियां-फलोदी स्टेट हाईवे पर मथानिया बाईपास स्थित विलेज रेस्टोरेंट एंड गार्डन के सामने मंगलवार रात कार और बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, चेराई महादेव नगर निवासी 28 वर्षीय सुरेश पुत्र शंभूराम सियाग मंगलवार रात बाइक से मथानिया से जोधपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान जोधपुर की ओर से ओसियां जा रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि कार का अगला हिस्सा भी बुरी तरह टूट गया।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायल सुरेश को मथानिया सेटेलाइट अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसके एक हाथ में फ्रैक्चर और सिर में गंभीर चोट होने की पुष्टि की। हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए जोधपुर रेफर कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर मथानिया पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही आरोपी की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार चालक की पहचान कर उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।