
रीवा जिले में सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। त्यौंथर तहसील के ग्राम सुनौरी निवासी आलोक पटेल पर वीडियो में पुलिस को खुलेआम गालियां देने, चुनौती देने और ब्राह्मण समाज के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया है।
बताया जा रहा है कि करीब 2 मिनट 11 सेकेंड के वायरल वीडियो में आरोपी ने पुलिस के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। वीडियो में वह बार-बार पुलिस को चुनौती देता नजर आ रहा है। इसके साथ ही ब्राह्मण समाज के खिलाफ भी अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया गया।
वीडियो में आरोपी ने कहा कि यूट्यूबर मनीष पटेल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, लेकिन अगर पुलिस की मां में दम है तो मुझे गिरफ्तार करके दिखाए। आरोपी की इस खुली चुनौती के बाद मामला और गरमा गया।
वीडियो वायरल होने के बाद सोमवार शाम पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
ब्राह्मण समाज की ओर से मनीष शुक्ला ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस तरह के वीडियो समाज में तनाव पैदा कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।
फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो की जांच कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
#ManishPatelRewa #youtuberManishPatel #ManishPatel #videoviral #Rewanews