
गिरिडीह जिले के धनवार नगर पंचायत अंतर्गत बड़ा चौक स्थित होटल डिस्कवरी में मंगलवार को पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित देह व्यापार के एक रैकेट का भंडाफोड़ किया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने दो युवतियों और दो युवकों (दो जोड़े) को आपत्तिजनक स्थिति में हिरासत में लिया। मौके से कई आपत्तिजनक सामान भी बरामद किए गए।खोरीमहुआ एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार ने बताया कि होटल में सुरक्षा नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था। आने-जाने वाले लोगों का कोई रजिस्टर मेंटेन नहीं किया जाता था, जो गंभीर लापरवाही है। पुलिस ने होटल के मैनेजर प्रदीप साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।जांच के दौरान पता चला कि होटल का संचालन अनिल साव नामक व्यक्ति कर रहा था।हालांकि, छापेमारी के दौरान वह फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।इस संयुक्त कार्रवाई में खोरीमहुआ एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार, धनवार थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार, धनवार बीडीओ धर्मेंद्र कुमार दास, महिला पुलिस बल तथा अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।अनैतिक गतिविधियों की पुष्टि होने के बाद प्रशासन ने मजिस्ट्रेट अभिषेक कुमार की मौजूदगी में देर शाम करीब 8:30 बजे होटल डिस्कवरी को सील कर दिया।स्थानीय सूत्रों के अनुसार, होटल डिस्कवरी पहले भी इसी तरह की शिकायतों को लेकर विवादों में रहा है। बताया जाता है कि इससे पहले भी इस होटल में दो बार छापेमारी हो चुकी है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन ने इस बार सख्त कार्रवाई करते हुए होटल को सील कर दिया।फिलहाल पुलिस फरार संचालक अनिल साव की तलाश में जुटी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
#highlight
#jharkhand
#police