
मलथुआ में मनरेगा कार्य में अनियमितता का आरोप, फर्जी मास्टर रोल से हाजिरी लगाने की शिकायत
जालौन। महेवा ब्लाक के ग्राम मलथुआ में मनरेगा योजना के तहत कराए जा रहे कार्यों में गंभीर अनियमितता का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि ब्लॉक अधिकारियों की मिलीभगत से धरातल पर काम जीरो होने के बावजूद फर्जी तरीके से मास्टर रोल भरकर भुगतान लिया जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, रतिराम के खेत से कमलेश के खेत तक संपर्क मार्ग निर्माण कार्य को कागजों में दिखाया गया है। आरोप है कि इस कार्य के लिए 14 मास्टर रोल जारी कर 120 श्रमिकों की हाजिरी लगाई जा रही है, जबकि मौके पर कोई भी कार्य होता नहीं दिख रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि एनएमएमएस ऐप के माध्यम से फर्जी फोटो अपलोड कर हाजिरी लगाई जा रही है। मौके पर न तो मजदूर दिखते हैं और न ही निर्माण सामग्री। संपर्क मार्ग का कार्य पूरी तरह से कागजों तक सीमित है। नाम न छापने की शर्त पर एक ग्रामीण ने बताया, "पिछले एक महीने से मास्टर रोल चल रहे हैं। हर दिन 120 लोगों की हाजिरी लग रही है, लेकिन गांव में एक भी मजदूर काम करता नहीं दिखा। रतिराम के खेत से कमलेश के खेत तक जो रास्ता बताया जा रहा है, वहां आज तक एक तसला मिट्टी नहीं डाली गई।" ग्रामीणों का आरोप है कि बिना कार्य कराए ही सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है। इस फर्जीवाड़े से पात्र मजदूरों को रोजगार नहीं मिल पा रहा है। इस संबंध में जब महेवा ब्लाक के जिम्मेदार अधिकारियों से बात करने का प्रयास किया गया तो उनसे संपर्क नहीं हो सका। ग्रामीणों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही फर्जी मास्टर रोल को निरस्त कर वास्तविक मजदूरों को काम देने की मांग उठाई है।
*शेष ख़बर अगले अंक में विस्तार से..!!*