
चिलौली के गोपाल फिलिंग स्टेशन पर ग्राहकों से अभद्रता का आरोप, कुछ देर तक हंगामा; वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
डेरापुर तहसील क्षेत्र के चिलौली स्थित गोपाल फिलिंग स्टेशन पर रविवार सुबह करीब 9:30 बजे ग्राहकों और पेट्रोल पंप के सेल्समैन के बीच विवाद हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नायक समाज के कुछ लोग अपनी गाड़ी में 1200 रुपये का पेट्रोल भरवाने पहुंचे थे। इसी दौरान भुगतान को लेकर सेल्समैन और ग्राहकों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि सेल्समैन ने ग्राहकों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया, जिससे विवाद बढ़ गया और मौके पर कुछ देर के लिए हंगामे जैसी स्थिति बन गई।
विवाद के चलते पेट्रोल और डीजल भरवाने आए वाहनों की लंबी कतार लग गई तथा कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। बाद में मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों पक्षों के बीच समझौता कराते हुए मामला शांत कराया, जिसके बाद पेट्रोल पंप पर ईंधन आपूर्ति फिर से सामान्य हो गई।
फिलहाल, इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पेट्रोल पंप पर ग्राहकों के साथ शालीन एवं सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।