
सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज की प्रेरणा से आयोजित हुआ विशाल रक्तदान शिविर- संत निरंकारी मिशन के रक्तदान शिविर में 120 यूनिट रक्तदान,मानवता सेवा का दिया संदेश..
ब्यूरो रिपोर्ट/हिंदुस्तान समाचार।।
हरिद्वार में संत निरंकारी मिशन द्वारा मानवता की सेवा के उद्देश्य से विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज की प्रेरणा से आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और स्वयंसेवकों ने भाग लेकर रक्तदान किया। संत निरंकारी मिशन की हरिद्वार शाखा द्वारा संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन के माध्यम से आयोजित रक्तदान शिविर का शुभारंभ रानीपुर विधायक आदेश चौहान और जोनल इंचार्ज हरभजन सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। शिविर में सेवादल, एसएनसीएफ और साध संगत के कुल 175 स्वयंसेवकों ने रक्तदान के लिए पंजीकरण कराया। रक्तदान शिविर के दौरान 120 यूनिट रक्त एकत्र किया गया। रक्त संग्रहण का कार्य हरिद्वार और रुड़की ब्लड बैंक की चिकित्सकीय टीमों द्वारा किया गया। कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने मिशन की इस सेवा भावना की सराहना करते हुए रक्तदान को मानव जीवन बचाने का सबसे बड़ा माध्यम बताया। इस अवसर पर जोनल इंचार्ज हरभजन सिंह ने कहा कि बाबा जी की शिक्षा है—“रक्त नाड़ियों में बहे, नालियों में नहीं।” उन्होंने कहा कि रक्तदान ऐसा पुनीत कार्य है जिसमें यह नहीं देखा जाता कि रक्त किस व्यक्ति को मिलेगा, बल्कि यह मानवता की निस्वार्थ सेवा का प्रतीक है। कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं ने सत्संग का आनंद लिया और उत्साहपूर्वक रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई। रक्त संग्रहण करने वाली चिकित्सकीय टीमों और आगंतुकों ने मिशन द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। मानव सेवा और समाज कल्याण के लिए संत निरंकारी मिशन का यह प्रयास न केवल जरूरतमंदों के लिए जीवनदायी साबित होगा, बल्कि लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।