
बिलासपुर में नशे के नेटवर्क पर बड़ी चोट, 175.5 ग्राम चिट्टा और 2 लाख रुपये नकद बरामद; 6 गिरफ्तार
बिलासपुर: नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस की स्पेशल डिटेक्शन टीम (SDT) ने अमृतसर से बिलासपुर तक सक्रिय चिट्टा सप्लाई नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस कार्रवाई में कुल करीब 175.5 ग्राम चिट्टा और 2 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। मामले में अब तक छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
धराड़सानी में नाकाबंदी के दौरान 132 ग्राम चिट्टा बरामद
21 अगस्त 2026 को धराड़सानी हार, झण्डुता में नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने वाहन संख्या HP01B1952 को जांच के लिए रोका। वाहन में सवार पांच लोगों के कब्जे से करीब 132 ग्राम हेरोइन/चिट्टा और 2 लाख रुपये नकद बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रविन्द्र कुमार (36), निवासी बैरी दड़ोलां, तहसील झण्डुता; रणजीत सिंह (55), उसके पुत्र विशाल सिंह (24) और आकाशदीप (23), निवासी मंडयाला, अमृतसर, पंजाब तथा आशुतोष चन्देल उर्फ अंकुश (37), निवासी बैहना जट्टां, झण्डुता के रूप में हुई है।
इस संबंध में थाना झण्डुता में FIR संख्या 69/26, दिनांक 21 अगस्त 2026 को धारा 21 और 29 NDPS Act के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जांच में सामने आई सप्लाई चेन
पुलिस जांच के दौरान सामने आया कि रणजीत सिंह और उसका पुत्र आकाशदीप अमृतसर से चिट्टा उपलब्ध कराने तथा सप्लाई नेटवर्क को संचालित करने में शामिल थे। वहीं विशाल सिंह चिट्टा अमृतसर से बिलासपुर लाकर स्थानीय पेडलर्स को उपलब्ध कराता था।
जांच के अनुसार विशाल सिंह स्थानीय स्तर पर रविन्द्र कुमार, आशुतोष चन्देल उर्फ अंकुश और प्रवेश गुप्ता को चिट्टा बेचता था। इसके बाद ये लोग इसे आगे ग्राहकों तक पहुंचाते थे। पुलिस के अनुसार विशाल सिंह पिछले कुछ समय से आशुतोष चन्देल उर्फ अंकुश के बैहना जट्टां स्थित घर में रह रहा था।
इसी जानकारी के आधार पर पुलिस ने आशुतोष चन्देल उर्फ अंकुश के घर पर दबिश दी, जहां से करीब 41 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। इसके अलावा प्रवेश गुप्ता के घुमारवीं स्थित घर पर भी रेड की गई, जहां से करीब 2.5 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
इस तरह अलग-अलग कार्रवाई में कुल करीब 175.5 ग्राम चिट्टा और 2 लाख रुपये नकद बरामद हुए हैं।
झण्डुता, घुमारवीं और बिलासपुर तक फैला नेटवर्क
पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह सप्लाई नेटवर्क झण्डुता, घुमारवीं और बिलासपुर सदर क्षेत्र तक सक्रिय था। जांच में सप्लायरों, स्थानीय पेडलर्स और आगे चिट्टा बेचने वालों की भूमिकाओं की पहचान की गई है।
पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य सप्लायरों, पेडलर्स, खरीदारों और वित्तीय लेन-देन की जानकारी जुटा रही है। जांच के आधार पर आगे भी गिरफ्तारियां होने की संभावना है।
आरोपियों के खिलाफ पहले से भी मामले दर्ज
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार रविन्द्र कुमार के खिलाफ वर्ष 2015, 2018 और 2025 में हत्या, मारपीट, आर्म्स एक्ट और NDPS एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज पाए गए हैं। प्रवेश गुप्ता के खिलाफ वर्ष 2013, 2021 और 2024 में विभिन्न मामले दर्ज बताए गए हैं।
आशुतोष चन्देल उर्फ अंकुश के खिलाफ वर्तमान FIR 69/2026 दर्ज है। वहीं आकाशदीप के खिलाफ अमृतसर में वर्ष 2023 तथा घुमारवीं में वर्ष 2026 में NDPS एक्ट के तहत मामले दर्ज पाए गए हैं।
पुलिस अब पूरे नेटवर्क की आगे-पीछे की कड़ियों की जांच कर रही है, ताकि अमृतसर से बिलासपुर तक चिट्टे की सप्लाई में शामिल अन्य लोगों तक भी पहुंच बनाई जा सके।
#UTHimachal #UniqueTodayNews #Bilaspur #HimachalNews #BilaspurPolice #Chitta #DrugFreeHimachal #NDPSAct #Amritsar #Jhanduta #Ghumarwin #DrugNetwork